नई दिल्ली, 02 फ़रवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान संगठन की मजबूती आगामी राजनीतिक गतिविधियों और केंद्र-राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने पार्टी की रणनीति संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों पर गहन बातचीत की। सीएम नायब सैनी ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर पहले दिए बयान को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजय रथ को नितिन नवीन नई गति देंगे। उनके पास प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव का खजाना है जिसका लाभ पार्टी को मजबूती से मिलेगा।
नायब सैनी ने कहा कि नितिन नवीन अलग-अलग राज्यों में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में पार्टी एक लाख युवाओं को राजनीति में लाएगी। एक साधारण परिवार का युवा भी भाजपा में ऊंचे से ऊंचा पद प्राप्त कर सकता है और नितिन नवीन इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में योग्यता और मेहनत से ही आगे बढ़ा जा सकता है।
ये भी देखे: हरियाणा सीएम नायब सैनी ने कलेसर नेशनल पार्क का किया दौरा, नए गेट का किया उद्घाटन