चंडीगढ़, 02 मार्च 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में वित्त मंत्री के रूप में 2026-27 का बजट पेश किया। उन्होंने कुल 2,23,658.17 करोड़ रुपये का बजट रखा। यह पिछले वित्त वर्ष के संशोधित अनुमान 2,02,816.66 करोड़ रुपये से 10.28 प्रतिशत अधिक है।
सैनी ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत ‘किरत करो नाम जपो वंड छको’ से की। उन्होंने राज्य को 2047 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य दोहराया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। सरकार एक लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग देगी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इन्हें नौकरियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश में नया बिजली निगम ‘एग्री डिस्कॉम’ बनाया जाएगा। इस निगम के जरिए किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन मिलेंगे।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर फोकस करते हुए ‘हर नारी स्वस्थ नारी’ योजना शुरू होगी। इसके तहत हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे।
नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा।
खेल सुविधाओं में विस्तार की कई घोषणाएं हुईं। राज्य के हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनेगा। साथ ही हर जिले में एक खेलो इंडिया सेंटर खोला जाएगा। इन सेंटर्स को किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी द्वारा संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल जिलों में 21 नए खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे।
ये भी देखे: हरियाणा बजट 2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ₹2.23 लाख करोड़ का बजट पेश किया