चंडीगढ़, 31 अगस्त 2026: हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज दोपहर 2:00 बजे से बेहद अहम और हंगामेदार रहने वाला है। सदन में आज शून्यकाल और प्रश्नों के अलावा भारी-भरकम विधायी कामकाज निपटाया जाएगा। सदन में आज सबसे बड़ा राजनीतिक घमासान हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) को लेकर होने के आसार हैं।
विपक्षी विधायक भारत भूषण बत्रा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, अशोक अरोड़ा समेत 17 विधायकों ने HKRN के जरिए हो रही ठेका भर्तियों में धांधली और पारदर्शिता की कमी का मुद्दा उठाते हुए ध्यानाकर्षण सूचना दी है। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भी इस पर स्पष्टीकरण मांगने का नोटिस दिया है।
‘हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम श्राइन बिल 2026’ सदन में विचार और पारित कराने के लिए रखा जाएगा। केंद्र के ‘वॉटर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पोल्यूशन अमेंडमेंट एक्ट 2024’ को अपनाने के लिए सदन में ऑफिशियल रिजॉल्यूशन लाया जाएगा जिससे छोटी गलतियों को डि-क्रिमिनलाइज किया जा सके।
वित्त मंत्री सदन में नेवा पोर्टल के जरिए वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक मांगों (पहली किस्त) को प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही एस्टीमेट कमेटी की रिपोर्ट भी रखी जाएगी। गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, लोक निर्माण (PWD) और शहरी स्थानीय निकायों समेत कई प्रमुख विभागों के बजट आवंटन और खर्च की मंजूरी के लिए सदन में चर्चा और वोटिंग होगी।
ये भी देखे: हरियाणा विधानसभा सत्र: पूर्व विधायकों को ₹10,000 मेडिकल अलाउंस, 1984 दंगा पीड़ित परिवारों को नौकरी