चंडीगढ़, 26 अप्रैल 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ के सिविल सचिवालय में एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की स्थिति और अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि इसने कई निर्दोष लोगों की जान ली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत, मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि पाकिस्तानी नागरिकों को 27 अप्रैल 2025 तक हरियाणा छोड़ना होगा। चिकित्सा वीजा धारकों के लिए यह समयसीमा 29 अप्रैल 2025 तक है। हालांकि, लंबी अवधि के वीजा, राजनयिक वीजा या आधिकारिक वीजा वाले पाकिस्तानी नागरिकों पर यह नियम लागू नहीं होगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए।
इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे 1,157 कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को शैक्षणिक संस्थानों के साथ लगातार संपर्क में रहकर छात्रों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने और उन्हें सुरक्षित माहौल प्रदान करने को कहा।
ये भी देखे: हरियाणा: नायब सैनी ने पहलगाम हमले में शहीद हुए नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार से की फोन पर बात