गुरुग्राम, 18 जुलाई 2025: गुरुग्राम पुलिस ने सीबीआई अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के जरिए ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के निवासी बापी दास (47 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में बापी ने खुलासा किया कि ठगी की राशि में से 45 लाख रुपये उसके बैंक खाते में आए थे, जिनमें से उसने 1 लाख रुपये अपने एक साथी को दिए। जांच में यह भी सामने आया कि बापी के खिलाफ मुंबई में साइबर ठगी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी को एक व्यक्ति ने साइबर थाना वेस्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने दावा किया कि उसके खिलाफ मुंबई के अंधेरी में कई शिकायतें दर्ज हैं। इसके बाद एक वीडियो कॉल के जरिए कथित पुलिस अधिकारी ने उससे बात की और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया। फिर उसकी बात एक कथित सीबीआई अधिकारी से कराई गई, जिसने बैंक खाते की जांच के बहाने उसे डिजिटल अरेस्ट में रखा और उसके खाते से पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की और अब तक 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
ये भी देखे: सात करोड़ की ठगी का मामला, गोपालगंज पहुंची हरियाणा पुलिस, एक आरोपी को किया गिरफ्तार