Guru Ravidas Jayanti: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया नमन

by Manu
Naib Singh Saini paid tribute to Guru Ravidas

चंडीगढ़, 12 फरवरी 2025: Guru Ravidas Jayanti: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज नई दिल्ली में संत शिरोमणि गुरू रविदास की जयंती (Guru Ravidas Jayanti) के अवसर पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने हरियाणा भवन में संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संत रविदास जी की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरू रविदास जी ने समाज में एकता, मानवता और भाईचारे का जो संदेश दिया था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि हमें संतों और महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलते हुए हमेशा समाज के कल्याण के लिए काम करना चाहिए।

हरियाणा सरकार की पहल – महापुरुषों की जयंती और शताब्दियां सरकारी स्तर पर मनाई जा रही हैं

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने संत-महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए एक योजना शुरू की है। इस योजना के तहत, संतों और महापुरुषों की जयंती और शताब्दियां सरकारी स्तर पर मनाई जा रही हैं। इसके अंतर्गत संत शिरोमणि गुरू रविदास जी की जयंती, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती, संत कबीरदास की जयंती, भगवान वाल्मीकि की जयंती आदि महत्वपूर्ण अवसरों पर राज्य स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

संत रविदास जी की वाणी और हरियाणा सरकार की पहल

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत रविदास जी के श्लोक ‘‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सब को अन्न, छोट बड़ा सब संग बसे रैदास रहे प्रसन्न’’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी वाणी को वास्तविक रूप से अमल में लाने का कार्य हरियाणा सरकार ने पिछले दस वर्षों में किया है। आज राज्य सरकार ने गरीब से गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। इसके साथ ही, कुरुक्षेत्र में संत रविदास जी का एक स्मारक भी निर्माणाधीन है, जो उनके योगदान को सम्मानित करेगा।

Guru Ravidas Jayanti :गणमान्य व्यक्तियों ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के राजस्व मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, भिवानी सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, पूर्व मंत्री जेपी दलाल और पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी संत गुरू रविदास जी को पुष्पांजलि अर्पित की।

ये भी देखे: किसान नेता Baldev Singh Sirsa अस्पताल में भर्ती, हृदय संबंधी समस्या आई

You may also like