चंडीगढ़, 11 फ़रवरी 2026: पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने अपने कार्यालय में 13 नव-नियुक्त कृषि सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए।
नव-नियुक्त ए.एस.आईज़. को सरकार की प्रगतिशील नीतियों और किसानों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए गुरमीत सिंह खुड्डियां ने उन्हें बधाई दी और पूर्ण ईमानदारी एवं समर्पण के साथ राज्य के किसानों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने नव-नियुक्त कर्मचारियों से कहा कि आपका आचरण और जिम्मेदारी कृषि क्षेत्र की समृद्धि पर सीधा प्रभाव डालेगी क्योंकि आप आज देश के ‘अन्नदाता के प्रति अपनी जिम्मेदारी से जुड़ रहे हैं।
खुड्डियां ने कहा कि हमारी सरकार के सत्ता संभालने से अब तक कृषि विभाग में 133 कृषि सब-इंस्पेक्टर (ए.एस.आईज़.) और 200 कृषि विकास अधिकारी (ए.डी.ओज़.) की भर्ती की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों में 63,943 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। बड़े पैमाने पर इन भर्तियों से विभिन्न विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरा गया है।