60
नई दिल्ली, 8 अक्तूबर : 20 अक्तूबर को हांगकांग में होने वाली एशियाई क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के लिए सोमवार को आठ सदस्यीय भारतीय सीनियर टीम में एशियाई खेलों के पदक विजेता लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह को शामिल किया गया है। जानकारी के अनुसार सेना के इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले साल हांगझोउ एशियाई खेलों में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) की चयन समिति ने 24 नवंबर को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होने वाली दक्षिण एशियाई क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के लिए राष्ट्रीय सीनियर और जूनियर टीमों की भी घोषणा कर दी है। एशियाई क्रॉस कंट्री में भाग लेने वाली राष्ट्रीय टीम को नवंबर में पाकिस्तान में दक्षिण एशियाई क्रॉस कंट्री में खेलने का भी मौका मिलेगा।