गुजरात पुलिस ने पाक एजेंट को जानकारी देने वाले व्यक्ति को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 30 नवंबर : गुजरात पुलिस ने एक व्यक्ति को पाकिस्तान के एजेंट को जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार करके जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता ने भारतीय तटरक्षक बल के जहाजों और उनकी गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान के एजेंटों को भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपेश गोहिल के रूप में हुई है, जो ओखा बंदरगाह पर एक संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। इस मौके विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दीपेश गोहिल ने पाकिस्तानी जासूसों के साथ मिलकर तटरक्षक बल के जहाजों की आवाजाही, उनकी स्थिति और अन्य खुफिया जानकारी सांझा की थी। इस घातक जासूसी गतिविधि के बदले उसे केवल 200 रुपए प्रतिदिन मिलते थे, और उसने इस तरह से कुल 42,000 रुपए पाकिस्तानी एजेंट से प्राप्त किए। दीपेश गोहिल ओखा बंदरगाह पर काम करता था और उसने फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तानी जासूस से दोस्ती की थी। जासूस ने खुद को साहिमा नाम से पेश किया और फेसबुक पर दीपेश से संपर्क किया। इसके बाद, व्हाट्सएप के जरिए उनकी बातचीत जारी रही, जिसमें पाकिस्तानी एजेंट ने दीपेश से ओखा बंदरगाह पर खड़ी तटरक्षक नावों का नाम और नंबर पूछा था। पाकिस्तानी जासूस ने दीपेश से यह जानकारी प्राप्त की थी, जो भारतीय तटरक्षक बल की रणनीतिक गतिविधियों से संबंधित थी और समुद्र में देश की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली महत्वपूर्ण जानकारी थी। पुलिस ने इस मामले में जांच आरंभ कर दी है तथा उक्त व्यक्ति से और भी पूछताछ की जा रही है।
गुजरात पुलिस ने पाक एजेंट को जानकारी देने वाले व्यक्ति को किया गिरफ्तार
53