पटना, 01 अप्रैल 2026: संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) में बुधवार से गाइड टूर सुविधा शुरू हो गई है। पहले ही दिन लगभग 700 पर्यटकों ने गाइड के साथ ई-वाहन पर जू का भ्रमण किया और वन्यजीवों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
यह सुविधा सशुल्क है। पर्यटक प्रवेश द्वार के अंदर बने गाइड काउंटर से संपर्क करके गाइड टूर बुक कर सकते हैं। गाइड ई-कार्ट के साथ पर्यटकों को पूरे जू का भ्रमण कराते हैं और हर वन्यजीव के बारे में रोचक जानकारी देते हैं।
“जू ऐप” पर्यटकों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। इस ऐप के माध्यम से पर्यटक ऑनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं। इससे टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से लोग बच रहे हैं। इसके साथ ही ऐप में नैविगेशन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे पर्यटक जू परिसर में आसानी से अपने पसंदीदा वन्यजीवों तक पहुंच रहे हैं और कम समय में बेहतर भ्रमण का अनुभव ले रहे हैं।
ऐप की एक खास सुविधा यह भी है कि जब पर्यटक किसी वन्यजीव के पास पहुंचते हैं, तो उन्हें उस वन्यजीव से जुड़ी विस्तृत जानकारी पढ़ने और सुनने की सुविधा मिलती है। इससे जू भ्रमण केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि ज्ञानवर्धक अनुभव भी बन रहा है। इसके अलावा ऐप में “खोया एवं पाया” की सुविधा भी दी गई है, जिससे पर्यटकों को किसी सामान के खो जाने पर सहायता मिल सके।
ये भी देखे: बिहार में रामनवमी की धूम, पटना के महावीर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़, ड्रोन से बरसाए फूल