PM Modi Sri Lanka Visit Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड में दो दिन का दौरा पूरा करने के बाद शुक्रवार शाम श्रीलंका पहुंचे। कोलंबो के भंडारनायके हवाई अड्डे पर उनका शानदार स्वागत हुआ। श्रीलंका के पांच बड़े मंत्रियों – विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा, मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर और दो अन्य ने बारिश के बीच भी उनका जोरदार अभिनंदन किया। यह 2019 के बाद उनकी पहली श्रीलंका यात्रा है और 2015 के बाद से चौथी। इसके बाद कोलंबो के इंडिपेंडेंस स्क्वायर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। अब उनकी मुलाकात श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से होगी।
रक्षा समझौते की संभावना
इस दौरे में भारत और श्रीलंका के बीच पहली बार रक्षा समझौता होने की उम्मीद है। यह समझौता समुद्री क्षेत्र में चीन के बढ़ते दबदबे को काबू करने के लिए अहम माना जा रहा है। दोनों देश ऊर्जा, डिजिटल सहयोग, व्यापार और आपसी संपर्क जैसे मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। मोदी और दिसानायके की न सिर्फ आमने-सामने बात होगी, बल्कि प्रतिनिधिमंडल स्तर पर भी बैठक होगी। इस दौरान 10 बड़े समझौते हो सकते हैं, जिसमें सैंपुर सौर ऊर्जा परियोजना की शुरुआत और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग पर जोर शामिल है।
मोदी का एक्स पर बयान
श्रीलंका पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा था, “कोलंबो पहुंच गया हूं। स्वागत के लिए सबका धन्यवाद। श्रीलंका के कार्यक्रमों का इंतजार कर रहा हूं।” कोलंबो के ताज समुद्र होटल में भारतीय मूल के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है, जब श्रीलंका 2022 के आर्थिक संकट से उबरने की कोशिश कर रहा है। उस मुश्किल दौर में भारत ने 4.5 बिलियन डॉलर की मदद दी थी। दिसानायके के राष्ट्रपति बनने के बाद यह किसी विदेशी नेता का पहला दौरा है।
ये भी देखे: CBI को मिली बड़ी कामयाबी, UAE से लाई दो वांटेड अपराधी, देखे डिटेल्स