नई दिल्ली, 17 जुलाई 2025: यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की फांसी की सजा को फिलहाल टाल दिया गया है, और भारत सरकार इस मामले में उनकी हर संभव मदद कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार शुरू से ही इस मामले पर नजर रखे हुए है और निमिषा के परिवार को सहायता प्रदान कर रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने निमिषा के लिए कानूनी सहायता उपलब्ध कराई है और उनके परिवार की मदद के लिए एक वकील नियुक्त किया गया है। साथ ही, स्थानीय यमनी अधिकारियों और निमिषा के परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है ताकि इस मुद्दे का समाधान निकाला जा सके।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जायसवाल ने कहा कि हाल के दिनों में सरकार ने निमिषा के परिवार को पीड़ित पक्ष के साथ आपसी सहमति से समाधान तक पहुंचने के लिए और समय दिलाने के लिए ठोस प्रयास किए हैं। भारत सरकार इस मामले को बारीकी से देख रही है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा, कुछ मित्र देशों की सरकारों के साथ भी इस संबंध में बातचीत चल रही है।
ये भी देखे: BIG BREAKING: यमन में निमिषा प्रिया की फांसी टली, कल होनी थी फांसी