कपूरथला के शेखूपुर में 75 लाख के सोने-चांदी-नकदी की चोरी, शादी में गया था परिवार

by Manu
चोरी

कपूरथला, 12 मार्च 2026: कपूरथला के शेखूपुर इलाके में वार्ड नंबर 34 स्थित एक घर में बीती रात करीब 75 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर नकदी और अन्य सामान की चोरी हो गई। चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर अलमारियां और कमरों का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

परिवार के सदस्य सुमित ने बताया कि वे रात करीब 9 बजे पूरे परिवार के साथ होशियारपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब ढाई बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों के ताले भी तोड़े गए थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त था।

चोरों ने घर से करीब 45 तोले सोना आधा किलो चांदी लगभग 4 लाख रुपये नकद एक हजार अमेरिकी डॉलर और एक नई टैबलेट चोरी कर ली। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी गायब था जिससे चोरों की पहचान मुश्किल हो गई है।

सुमित ने बताया कि घर में कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था और पड़ोस में भी कोई नहीं जागा जिससे चोरों को आसानी हो गई। परिवार ने चोरी की पूरी सूची पुलिस को सौंपी है।

ये भी देखे: अमृतसर पुलिस की बड़ी सफलता, 85 लाख के 400 चोरी के मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे गए

You may also like