पालमपुर, 22 अगस्त 2025: हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में साइबर ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शुक्रवार को एक पूर्व अधिकारी को साइबर ठगों ने 49.65 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने धर्मशाला के साइबर थाने में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पहले ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करते थे, लेकिन कुछ समय से इसे बंद कर चुके थे। जुलाई 2025 में उनके व्हाट्सएप पर एक ऑनलाइन ट्रेडिंग का लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल हुए, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे बात शुरू की। ठग ने मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर उन्हें एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में पैसा लगाने के लिए उकसाया।
इस झांसे में आकर पीड़ित ने अगस्त के मध्य तक 10-11 ट्रांजेक्शनों के जरिए 49.65 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने इस महीने अपनी राशि निकालने की कोशिश की, तो पैसा नहीं निकला। तब उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज की।
धर्मशाला साइबर क्राइम थाने के एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। संदिग्ध बैंक खातों की जांच की जा रही है, और ठगों तक पहुंचने के लिए डिजिटल लेनदेन के निशानों का पीछा किया जा रहा है।
ये भी देखे: फरीदाबाद में साइबर ठगी: मुंबई कस्टम विभाग के कर्मचारी बनकर शख्स से ठगे एक लाख रुपये