कांगड़ा के पूर्व भाजपा सांसद किशन कपूर का 73 साल की उम्र में निधन, जेपी नड्डा ने दी श्रद्धांजलि

by Manu
Kishan Kapoor dies at at the age of 73

कांगड़ा, 01 फ़रवरी 2025: कांगड़ा के पूर्व भाजपा सांसद और वरिष्ठ नेता किशन कपूर (Kishan Kapoor) का शनिवार सुबह चंडीगढ़ के पोस्ट-ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे और काफी समय से गुर्दे की बीमारी का इलाज करा रहे थे। उनके निधन की सूचना सबसे पहले भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने इसे राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया।

पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

किशन कपूर (Kishan Kapoor) का अंतिम संस्कार रविवार को धर्मशाला में उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। उनके निधन से भाजपा और हिमाचल प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। कपूर का राजनीतिक सफर लंबा और प्रेरणादायक था। वह 2019 के आम चुनाव में कांगड़ा से विजयी होकर संसद पहुंचे थे, और 4.77 लाख वोटों से जीत हासिल की थी, जो देश में दूसरे सबसे बड़े मतदान प्रतिशत (72.2%) के रूप में रिकॉर्ड हुआ था।

भाजपा से गहरा नाता

कपूर (Kishan Kapoor) का राजनीतिक जीवन भाजपा से गहरे जुड़े हुए था। वह 1970 में जनसंघ के सदस्य बने और 1980 में भाजपा के गठन के बाद पार्टी के धर्मशाला मंडल अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दीं। 1990 में वह पहली बार विधायक बने और इसके बाद 1993 में दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने 1995 से 1997 तक कांगड़ा जिला भाजपा इकाई के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा, वह धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे और हिमाचल प्रदेश सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री के रूप में भी कार्यरत थे।

भजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने दी श्रद्धांजलि

भजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह मृदुभाषी, मिलनसार और दूरदर्शी नेता थे। नड्डा ने कहा कि उनके साथ उनका गहरा व्यक्तिगत संबंध था और विधानसभा में साथ काम करने का अवसर भी मिला। उन्होंने उनके निधन को अपनी व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति बताया।

किशन कपूर (Kishan Kapoor) का योगदान न केवल भाजपा के लिए बल्कि हिमाचल प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण था। उनका निधन पार्टी और राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है, और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

ये भी देखे: हरियाणा के फतेहाबाद में Bhakra canal में गिरा फोर्स मोटर्स ट्रैक्स क्रूजर, एक की मौत, 11 लोग लापता

 

You may also like