नारनौल में अवैध खनन घोटाले मामले में तत्कालीन सहायक खनन अधिकारी गिरफ्तार

by Manu
acb haryana

नारनौल, 19 मार्च 2026: महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में अवैध खनन से जुड़े बड़े घोटाले में विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने तत्कालीन सहायक खनन अधिकारी संजय सिम्बरवाल को पंचकूला से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी लंबे समय से चल रही जांच के बाद हुई है जिसमें सरकारी राजस्व को लाखों रुपये की चपत लगाने के गंभीर आरोप लगे हैं।

एसीबी रेवाड़ी और नारनौल की संयुक्त जांच टीम ने मामले की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि खनन विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों ने वाहन मालिकों के साथ मिलीभगत की। फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए गए और राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) के सख्त आदेशों की अनदेखी करते हुए कम जुर्माना वसूल कर जब्त वाहनों को छोड़ दिया गया। इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ।

एसीबी इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल 17 आरोपियों में से अब तक 15 को गिरफ्तार किया जा चुका है। संजय सिम्बरवाल की गिरफ्तारी के साथ जांच को और तेज कर दिया गया है। शेष दो आरोपी एमओ राजेंद्र और क्लर्क चंद्रशेखरअभी फरार हैं। पुलिस ने उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर राजेश और एएसआई बीर सिंह सहित पूरी टीम शामिल रही।

ये भी देखे: नारनौल में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़, बुलेट प्रूफ जैकेट से बची CIA इंचार्ज की जान, बदमाश गिरफ्तार

You may also like