पूर्व सैन्य अधिकारी की आतंकियों ने गोलियां मारकर की हत्या
पत्नी व रिश्तेदार भी हुए हमले में घायल
श्रीनगर, 4 फरवरी : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में गत दिवस आतंकियों द्वारा की गई गोलीबारी में एक पूर्व अधिकारी की मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार इस आतंकवादी हमले में एक पूर्व सैन्यकर्मी की मौत हो गई और उनकी पत्नी तथा एक रिश्तेदार समेत दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने जिले के बेहिबाग इलाके में मंजूर अहमद वागे, उनकी पत्नी और एक संबंधी को गोली मार दी। उन्होंने कहा कि तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां वागे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार आतंकी हमले में मारे गए पूर्व सैन्यकर्मी का नाम मंजूर अहमद वागे है। वह वर्ष 2021 में सेना में लांस नायक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। हमले में उनकी पत्नी अमीना और भतीजी सानिया घायल है। सानिया की उम्र 13 वर्ष है। पुलिस के अनुसार कुलगाम के साथ सटे बेहीबाग में दोपहर करीब सवा एक बजे मंजूर अहमद अपने घर के आंगन में बैठे थे। अचानक उनके घर के दरवाजे पर दस्तक हुई। उन्होंने दरवाजा खोला तो दो आतंकी घर में घुस आए। एक या दो आतंकी घर के बाहर रहे। आतंकियों ने उन्हें देखते ही अपने स्वचालित हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर उनकी पत्नी अमीना और भतीजी सानिया बाहर निकली तो आतंकियों ने उन पर भी गोली चला दी। मंजूर, अमीना और सानिया तीनों वहीं पर गिर पड़े। इसके बाद आतंकी भाग निकले।
पूर्व सैन्य अधिकारी की आतंकियों ने गोलियां मारकर की हत्या
पत्नी व रिश्तेदार भी हुए हमले में घायल
65