चंडीगढ़, 16 मई 2025: वन एवं वन्यजीव सुरक्षा मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने आज एक नई पहल शुरू करते हुए वन विभाग के अधिकारियों को शहरी वानिकी परियोजना तैयार करने का निर्देश दिया। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में लंबे पौधे लगाए जाएंगे, जिनकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाएंगे। इन ट्री गार्ड्स पर वन विभाग का नाम अंकित होगा।
एक बैठक में मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि इस परियोजना में छायादार और फलदार पेड़ लगाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा, उन्होंने नीम, बरगद और पीपल जैसे पेड़ों को “सुरक्षित वृक्ष” घोषित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का आदेश दिया, ताकि इनके संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके।
शिवालिक पहाड़ियों और उत्तरी क्षेत्र में विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए, मंत्री ने राज्य में हरियाली बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने नानक बगीचियों, पवित्र वनों और सभी विकास परियोजनाओं में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि कार्यान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह पहल न केवल शहरी क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ये भी देखे: पानी विवाद पर पंजाब सरकार ने कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर किया