टांडा, 03 नवंबर 2025: पंजाब के स्वास्थ्य विभाग ने जनता को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के संकल्प को मजबूती से निभाया है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत चल रही कार्रवाई का एक और उदाहरण टांडा क्षेत्र से सामने आया। आयुक्त फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन दिलराज सिंह और डीसी आशिका जैन के निर्देशों पर सिविल सर्जन डॉ. बलबीर कुमार तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया के मार्गदर्शन में फूड सेफ्टी अफसर मुनीश सोढ़ी की टीम ने नमकीन उत्पादन इकाई का जायजा लिया।
जांच के दौरान उत्पादन प्रक्रिया की बारीकी से पड़ताल हुई। साफ-सफाई का स्तर चेक किया गया। कच्चे माल की गुणवत्ता पर नजर डाली। टीम ने विभिन्न प्रकार के नमकीनों के तीन सैंपल कलेक्ट किए। इन्हें सरकारी मान्यता प्राप्त लैब में जांच के लिए भेज दिया। यह कदम उपभोक्ताओं की सेहत को प्राथमिकता देते हुए मिलावट की जड़ें उखाड़ने का प्रयास है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया ने कहा कि मिलावटखोरी, घटिया सामग्री या गंदे हालात में बने खाद्य पदार्थों पर कोई ढील नहीं बरती जाएगी। सख्त कार्रवाई होगी। फूड सेफ्टी टीम ने नमकीन बनाने वालों को साफ हिदायत दी। केवल मानक कच्चा माल इस्तेमाल करें। इकाई में स्वच्छता का पालन करें। ग्राहकों को शुद्ध उत्पाद ही दें।
ये भी देखे: पंजाब में फूड सेफ्टी की हैरान करने वाली रिपोर्ट, दूध, घी 25 तो पनीर की 48% से ज्यादा सैंपल फेल