नूरपुर, 16 सितंबर 2025: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर शहर में मंगलवार सुबह एक कन्फैक्शनरी के गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। चौगान बाजार स्थित इस गोदाम से धुआं उठते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत गोदाम मालिक और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया लेकिन तब तक गोदाम में रखा काफी सामान आग की चपेट में आ चुका था।
घटना की जानकारी देते हुए गोदाम मालिक सुरिंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने से उनका अनुमानित 2 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखे मिठाइयों, बेकरी आइटम्स और अन्य सामग्री को भारी क्षति पहुंची। सौभाग्य से इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटनास्थल का मुआयना किया और आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: ऊना में गैस सिलेंडर पाइप फटने से लगी आग, 3 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत