बादशाह के टटीरी सॉन्ग पर पंचकूला में FIR, महिला आयोग ने बादशाह को तलब किया

by Manu
Tateeree song badshah

पंचकूला, 06 मार्च 2026: Tateeree Song Controversy: बॉलीवुड रैपर-सिंगर बादशाह के नए हरियाणवी सॉन्ग ‘टटीरी’ पर विवाद तेज हो गया है। गाने की एक लाइन ‘आया बादशाह डोली चढ़ाने इन सबकी घोड़ी बनाने’ को आपत्तिजनक और महिलाओं का अपमान करने वाला बताकर विरोध हो रहा है।

पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम थाने में इस मामले में FIR दर्ज की गई है। हालांकि अभी मामला अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गाने में अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है जो महिलाओं और हरियाणवी संस्कृति का अपमान करता है।

उधर पानीपत की नारी तू नारायणी संस्था की अध्यक्ष सविता आर्या और शिव आरती फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार की शिकायत पर हरियाणा राज्य महिला आयोग (Haryana State Commission for Women) ने बादशाह को समन जारी किया है। आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पेश होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए गाने में कथित आपत्तिजनक लिरिक्स पर कार्रवाई शुरू की है।

गाना 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ था। इसमें कैथल की रहने वाली स्टेट लेवल बॉक्सर सिमरन जागलान की भी आवाज है। सिमरन हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी की बेटी हैं। यह ट्रैक बादशाह और हिटेन द्वारा कंपोज किया गया है। यूट्यूब पर गाने को अब तक 40 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।

ये भी देखें: हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग मामले में दर्ज हुई FIR, जांच शुरू

You may also like