IIT कानपुर में महिला कर्मचारी ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट और डायरी बरामद

by Manu
IIT Kanpur Suicide

कानपुर, 14 फ़रवरी 2026: IIT कानपुर परिसर में शनिवार को एक महिला कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान 30 वर्षीय अंजू कुमारी के रूप में हुई जो पिछले तीन वर्षों से आईआईटी कानपुर के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में लैब जूनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं।

पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार दोपहर परिसर के एक आवासीय कमरे में हुई। सूचना मिलते ही थाना कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट के साथ मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। कमरे से एक डायरी सुसाइड नोट और कई हस्तलिखित पर्चियां बरामद हुई हैं। इन दस्तावेजों को जांच में शामिल कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले अंजू कुमारी की अपने मंगेतर से बातचीत के दौरान तीखी बहस हुई थी। इसी बहस के बाद उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सुसाइड नोट और पर्चियों की हैंडराइटिंग जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को सौंप दिया है। साथ ही मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स चेक की जा रही हैं ताकि बहस का पूरा विवरण सामने आ सके।

परिजनों ने बताया कि अंजू पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं लेकिन उन्होंने कभी किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का सटीक समय और अन्य कारण स्पष्ट होंगे।

ये भी देखे: झज्जर में नर्सिंग छात्रा ने लगाई फांसी, कमरे में पंखे से चुन्नी लटकाकर की आत्महत्या

You may also like