अबोहर, 26 दिसंबर 2025: अबोहर में ढाणी विशेषरनाथ के निकट कंधवाला रोड के साथ गुजरती नहर में गांव नाइयांवाली निवासी बलविंद्र ने अपनी पत्नी वीना और दो मासूम बच्चों को नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद वह खुद भी नहर में छलांग लगा दी।
घटना के समय वहां से गुजर रहे कुछ स्थानीय युवकों ने तुरंत हिम्मत दिखाई। उन्होंने बिना समय गंवाए नहर में कूदकर पति-पत्नी और दो साल के बच्चे गुरदीप को बाहर निकाला। हालांकि तीन महीने का शिशु पानी में बह गया। उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बलविंद्र ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को नहर में गिराया और फिर खुद भी कूद गया। नहर से बाहर निकाले जाने के बाद बलविंद्र ने दावा किया कि उसने किसी को धक्का नहीं दिया। उसका कहना था कि पत्नी और बच्चे अपने आप गिर गए थे और वह उन्हें बचाने के लिए नहर में कूदा था।
दूसरी ओर पत्नी वीना ने रो-रोकर बताया कि उसे समझ नहीं आ रहा कि उसके पति ने उसे और बच्चों को नहर में क्यों गिराया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद पति-पत्नी को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है। दो साल के गुरदीप की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस नहर में लापता तीन महीने के शिशु की तलाश में जुटी हुई है। टीमों ने नहर के आसपास और आगे के हिस्सों में सघन खोज शुरू कर दी है।
ये भी देखे: अबोहर तहसील कॉम्प्लेक्स पार्किंग में गोलीबारी, पुरानी रंजिश में युवक की मौत, दो घायल