पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS), जालंधर में भर्ती किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को अब वहां से स्थानांतरित किया जा रहा है। जगजीत सिंह डल्लेवाल के अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किए गए है। यह कदम उस समय उठाया गया जब पंजाब पुलिस ने पंजाब-हरियाणा खनौरी बॉर्डर और शंभू बॉर्डर पर धरने पर बैठे किसानों को वहां से हटा दिया।
किसानों का यह धरना विभिन्न मांगों को लेकर हो रहा था, जिसमें एमएसपी की गारंटी और अन्य कृषि सुधार से जुड़े मुद्दे शामिल थे। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था।
शंभू सीमा पर सुरक्षा और कड़ी, बैरिकेड्स हटाए गए
इस बीच, हरियाणा-पंजाब शंभू सीमा पर सुरक्षा को और मजबूत कर दिया गया है। हरियाणा पुलिस ने किसानों की आवाजाही को रोकने के लिए लगाए गए कंक्रीट बैरिकेड्स हटा दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अब यातायात को सामान्य करने की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से हटाया गया और पुलिस को बल प्रयोग करने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने कहा, किसान लंबे समय से शंभू बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। आज ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने उन्हें उचित चेतावनी दी और फिर इलाके को खाली कराया।
कुछ किसानों ने खुद घर जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें बसों के जरिए उनके घर भेज दिया गया। प्रशासन ने अब वहां की सड़कें साफ कर यातायात के लिए खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ये भी देखे: फरीदकोट पुलिस को बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश गिरफ्तार