मोगा, 20 दिसंबर 2025: मोगा पुलिस ने एक व्यक्ति को 52 हजार रुपये के फर्जी भारतीय नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से सफेद बोलेरो कैंपर गाड़ी (नंबर पीबी10-एफवी-7950) भी जब्त की गई।
थाना सिटी-1 मोगा के एसएचओ वरुण कुमार ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त पर थी। गुप्त सूचना मिली कि गुरदीप सिंह उर्फ सोनू निवासी कोट ईसे खां कबाड़ का काम करता है। वह अक्सर भारी मात्रा में नकली नोट रखता है। सफेद बोलेरो कैंपर में घूमता है।
सूचना पर एएसआई सतनाम सिंह की अगुवाई में टीम ने दिल्ली कॉलोनी गेट के पास नाकाबंदी की। आरोपी गुरदीप सिंह उर्फ सोनू को गाड़ी सहित दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 500 रुपये के 104 नकली नोट मिले।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। थाना सिटी-1 में मुकदमा दर्ज हुआ। आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड ली जाएगी। रिमांड में पता लगाया जाएगा कि नोट वह खुद बनाता था या किसी से लाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ये भी देखे: मोगा में बदमाश और पुलिस की बीच मुठभेड़ , कुख्यात बदमाश गुरविंद्र गिंदी को लगी गोली