फरीदाबाद, 13 फ़रवरी 2026: फरीदाबाद जिला पुलिस ने एक फर्जी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो खुद को हरियाणा पुलिस का सहायक उप निरीक्षक (ASI) बताकर लोगों पर रौब जमाता था। आरोपी के पास से सिपाही का नकली आई-कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
आरोपी की पहचान दीपक निवासी गांव अंखीर फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस चौकी सेक्टर-19 की टीम ने उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बडखल चौक पर ट्रैफिक पुलिस की टीम नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ऑल्टो कार को रोका गया। चालक से दस्तावेज मांगे गए तो उसने खुद को हरियाणा पुलिस का ASI बताते हुए रौब जमाने की कोशिश की। जब उससे पहचान पत्र मांगा गया तो वह घबरा गया। उसने जो आई-कार्ड दिखाया वह सिपाही का निकला। यहीं से पुलिस को शक हुआ।
सख्त पूछताछ में जांच में सामने आया कि आई-कार्ड पूरी तरह नकली था। आरोपी ने फर्जी आई-कार्ड बनवाकर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डराने-धमकाने और अन्य गतिविधियों का इस्तेमाल किया था।
ये भी देखे: दरभंगा में फर्जी पुलिस बन वसूली कर रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार