जालंधर, 20 अगस्त 2025: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर स्थित वाहिद संधर शुगर मिल (अब गोल्डन संधर शुगर मिल), गोल्ड जिम और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) नेता जरनैल सिंह वाहिद से जुड़े आवासीय व व्यावसायिक ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी की टीम ने कई घंटों तक कार्रवाई करते हुए दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की गहन जांच की।
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की गई, जो पंजाब और चंडीगढ़ में आठ स्थानों पर एक साथ हुई। यह कार्रवाई सितंबर 2023 में दर्ज एक FIR पर आधारित है, जिसमें जरनैल सिंह वाहिद, उनकी पत्नी रूपिंदर कौर, बेटे संदीप सिंह और अन्य के खिलाफ 31.2 एकड़ सरकारी जमीन के दुरुपयोग और 95 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। इस जमीन को 1933 में महाराजा जगतजीत सिंह ने जगतजीत शुगर मिल्स को 99 साल की लीज पर दिया था, लेकिन वाहिद संधर शुगर मिल ने बिना सरकारी अनुमति के इसे गिरवी रखा और बेच दिया।
किसान संगठनों, विशेष रूप से भारतीय किसान यूनियन (दोआबा), का आरोप है कि मिल ने लगभग 40-42 करोड़ रुपये के गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान नहीं किया है, जिसके चलते 600 किसान 3 लाख रुपये प्रति किसान के कर्ज में फंसे हैं। इस मुद्दे पर कई बार धरना-प्रदर्शन हो चुके हैं, और हाल ही में मिल को सील भी किया गया था।
ये भी देखे: ईडी ने एयर कनाडा के पूर्व प्रबंधक सिमरन प्रीत पनेसर के घर पर छापा मारा