हरियाणा में पर्यूषण पर्व के दौरान मांस बिक्री पर रोक की अपील, बूचड़खाने बंद रखने का निर्देश

by Manu
पर्यूषण पर्व

चंडीगढ़, 22 अगस्त 2025: जैन समुदाय के प्रमुख त्योहार ‘पर्यूषण पर्व’ के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी नगर निकायों और बूचड़खानों से 20 से 28 अगस्त 2025 तक मांस की बिक्री बंद रखने की अपील की है। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने सभी जिला नगर आयुक्तों और नगर निगम आयुक्तों को पत्र जारी कर इस निर्देश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

निदेशालय के संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है, “सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार, नगर निगम सीमा में आने वाले सभी बूचड़खानों को पर्यूषण पर्व के दौरान 20 से 28 अगस्त तक शाकाहारी जीवन शैली अपनाने की अपील की जाए।” इस दौरान बूचड़खानों से मांस की बिक्री पूरी तरह बंद रखने का अनुरोध किया गया है।

जैन समुदाय के लिए पर्यूषण पर्व आध्यात्मिक चिंतन, आत्म-शुद्धि और अहिंसा का विशेष महत्व रखता है। इस अवधि में जैन धर्मावलंबी उपवास, तपस्या, ध्यान और क्षमा याचना जैसे कार्यों में लीन रहते हैं। हरियाणा सरकार की यह अपील जैन समुदाय की भावनाओं का सम्मान करने और अहिंसा के सिद्धांत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।

ये भी देखे: भिवानी मनीषा मौत मामला: अंतिम संस्कार संपन्न, हरियाणा पुलिस ने जांच CBI को सौंपी

You may also like