हिसार, 08 सितंबर 2025: हिसार जिले में पिछले आठ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। खेतों से लेकर रिहायशी इलाकों तक पानी भर गया है, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। लगभग 200 गांवों में फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं, जबकि 20 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। गंगवा गांव की ढाणियों में जलभराव के कारण कई परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है।
प्रशासन ने एहतियातन जिले के 71 स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। नाले और ड्रेनेज सिस्टम खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं, जिसके चलते हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे और राजगढ़ रोड सहित कई नेशनल और स्टेट हाईवे पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेल सेवाएं भी इस आपदा से अछूती नहीं रहीं। राजगढ़ रेलवे ट्रैक के पास जलभराव के कारण ट्रेनों की गति को 110 किमी/घंटा से घटाकर 20 किमी/घंटा कर दिया गया है, जिससे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
ये भी देखे: हिसार में मकान की छत ढहने से दर्दनाक हादसा, एक महिला की मौत, चार घायल