दिल्ली, 21 मार्च 2026: दिल्ली से पटना के बीच दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसें जल्द ही शुरू होने वाली हैं। लंबी दूरी के किसी अंतरराज्यीय रूट पर दिल्ली सरकार लंबे समय बाद यह सेवा फिर से शुरू करने जा रही है।
कुछ समय पहले बिहार के परिवहन मंत्री ने दिल्ली सरकार को इस संबंध में पत्र लिखा था। दिल्ली सरकार ने सकारात्मक जवाब देते हुए पटना रूट को प्राथमिकता दी है। इसके साथ ही अन्य राज्यों के लिए भी ऐसी बस सेवाएं शुरू करने की योजना बन रही है।
दिल्ली सरकार सीएनजी या बीएस-6 मानक वाली डीजल बसें किराए पर लेकर यह सेवा शुरू करने पर विचार कर रही है। राजधानी में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों के लिए यह सुविधा खास तौर पर राहत देने वाली होगी। छठ पूजा, दिवाली, होली और अन्य त्योहारों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि DTC की 17 अंतरराज्यीय रूटों पर कुल 50 नई पर्यावरण-अनुकूल एसी बसें शुरू करने की योजना है। पटना रूट से इसकी शुरुआत होगी। दोनों राज्यों के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
ये भी देखे: सीएम रेखा गुप्ता ने किया ऐलान, अब बस इन महिलाओं को ही मिलेगा DTC बसों में मुफ्त सफर