अमृतसर, 31 मई 2025: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की अमृतसर इकाई ने गुरुवार, 29 मई 2025 को श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमृतसर एयरपोर्ट ) पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी मुद्रा तस्करी के मामले का पर्दाफाश किया। खुफिया सूचना के आधार पर, दुबई से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 191 से पहुंचे एक यात्री को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके चेक-इन बैग में छिपाई गई एक अन्य थैली से 41,400 अमेरिकी डॉलर (लगभग 35.40 लाख रुपये) बरामद किए गए।
DRI अधिकारियों के अनुसार, यह राशि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तय सीमा (3,000 USD बिना अनुमति के) से कहीं अधिक थी और इसका कोई वैध स्रोत नहीं बताया गया। प्रारंभिक जांच में यात्री ने स्वीकार किया कि वह आर्थिक लाभ के लिए इस तस्करी में शामिल था। मुद्रा को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है, और यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह इस महीने अमृतसर एयरपोर्ट पर DRI की दूसरी बड़ी जब्ती है। इससे पहले 3 मई 2025 को 2.66 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की गई थी। जांच एजेंसी अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
ये भी देखे: अमृतसर एयरपोर्ट पर जब्त हुई करीब 3 करोड़ विदेशी करेंसी, एक आरोपी गिरफ्तार