लुधियाना, 26 अगस्त 2025: लुधियाना के ताजपुर रोड पर रिहायशी इलाके में चल रहे एक पेट्रोल पंप को आखिरकार सोमवार को नगर निगम ने सील कर दिया। यह पेट्रोल पंप शुरू से ही विवादों में रहा है। स्थानीय लोगों के लगातार विरोध के बाद जिला प्रशासन ने 22 अगस्त को इसकी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) रद्द कर दी थी। इसके बावजूद, पेट्रोल पंप संचालकों ने कोर्ट का सहारा लिया, जिसके बाद नगर निगम जोन-बी की बिल्डिंग ब्रांच ने जल्दबाजी में इसे फिर से खुलवा दिया था।
मामले की शिकायतों के आधार पर डिप्टी कमिश्नर (डीसी) ने जांच के लिए एक कमेटी गठित की थी, जिसमें फूड सप्लाई विभाग, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी शामिल थे। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर डीसी ने 22 अगस्त को पेट्रोल पंप की एनओसी रद्द करने का फैसला लिया। हालांकि, नगर निगम जोन-बी के बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों ने एक बार फिर संचालकों का बचाव करने की कोशिश की, लेकिन लुधियाना से लेकर चंडीगढ़ तक सीनियर अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बाद दबाव बढ़ गया। नतीजतन, सोमवार को नगर निगम ने इस पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
ये भी देखे: Palwal: तेज बारिश से पेट्रोल पंप की दीवार गिरी, 6 लोग चपेट में आए, 2 की मौत