दिल्ली पुलिस को मिला नया कमिश्नर: सतीश गोलचा ने संभाला पद, CM रेखा गुप्ता पर हमले के बाद अहम नियुक्ति

by Manu
सतीश गोलचा

नई दिल्ली, 21 अगस्त 2025: दिल्ली पुलिस को गुरुवार, 21 अगस्त 2025 को नया पूर्णकालिक पुलिस कमिश्नर मिला है। 1992 बैच के दिल्ली-यूटी (AGMUT) कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी और तिहाड़ जेल के महानिदेशक (DG) सतीश गोलचा को राष्ट्रीय राजधानी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह IPS अधिकारी शशि भूषण कुमार (SBK) सिंह की जगह लेंगे, जो 1 अगस्त 2025 से दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। SBK सिंह की नियुक्ति पूर्व कमिश्नर संजय अरोड़ा के 31 जुलाई को रिटायर होने के बाद अंतरिम व्यवस्था के तहत की गई थी।

गोलचा की नियुक्ति का समय बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के ठीक एक दिन बाद हुई है। बुधवार, 20 अगस्त को सिविल लाइंस स्थित उनके आधिकारिक आवास पर जनसुनवाई (जनता दरबार) के दौरान गुजरात के राजकोट से आए 41 वर्षीय ऑटो ड्राइवर राजेशभाई खिमजीभाई साकरिया ने उन पर हमला किया था।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, “सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से, श्री सतीश गोलचा, IPS (AGMUT:1992), जो वर्तमान में महानिदेशक (जेल), दिल्ली के पद पर तैनात हैं, को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर नियुक्त किया जाता है।”

ये भी देखे: BREAKING NEWS: IPS स्वपन शर्मा बने लुधियाना के नए पुलिस कमिश्नर

You may also like