दिल्ली: अब बिना पीयूसी वाले वाहनों का पेट्रोल पंपों पर होगा चालान, 100 पेट्रोल पंपों पर लगे CCTV कैमरे

by Manu
पीयूसी चालान

नई, 21 अप्रैल 2025: दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) के वाहनों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने से रोकने के लिए E challan प्रणाली शुरू की गई है। इसके साथ ही तय उम्र पूरी कर चुके वाहनों की निगरानी भी पेट्रोल पंपों पर की जाएगी।

फिलहाल 100 पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए बिना पीयूसी वाले वाहनों का चालान काटा जा रहा है। जैसे ही ऐसा वाहन पेट्रोल पंप पर पहुंचता है, उसका चालान तुरंत जारी हो जाता है। पहले सरकार ने ऐसे वाहनों को चेतावनी देकर दो घंटे का समय देने की योजना बनाई थी, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण के लिए इसे बदलकर तत्काल चालान की व्यवस्था लागू की गई।

यह सिस्टम फिलहाल 100 पेट्रोल पंपों पर प्रयोग के तौर पर शुरू हो चुका है और जून 2025 तक दिल्ली के सभी 500 पेट्रोल पंपों पर लागू हो जाएगा। बिना पीयूसी वाले वाहनों पर 10,000 रुपये तक का चालान हो सकता है। दूसरी बार नियम तोड़ने पर 6 महीने की सजा का भी प्रावधान है।

परिवहन विभाग के अनुसार, सीसीटीवी कैमरे वाहन की नंबर प्लेट स्कैन कर परिवहन विभाग के डेटाबेस से मिलान करते हैं। अगर पीयूसी वैध नहीं है, तो सिस्टम अपने आप ई-चालान जारी करता है। अब तक इस सिस्टम के जरिए हजारों वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं।

अधिकारियों ने दिल्लीवासियों से अनुरोध किया है कि वे अपने वाहनों का पीयूसी समय पर नवीनीकृत कराएं और पुराने वाहनों को सड़कों पर चलाने से बचें।

ये भी देखे: मुस्तफाबाद में छह मंजिला बिल्डिंग ढहने से 8 लोगों की मौत, बचाव कार्य जारी

You may also like