फगवाड़ा में दिनदहाड़े फायरिंग, सुधीर स्वीट शॉप पर 7-8 राउंड गोलियां चलाईं

by Manu

फगवाड़ा, 12 जनवरी 2026: पंजाब के फगवाड़ा में होशियारपुर रोड स्थित सुधीर स्वीट शॉप पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने दुकान पर 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, दुकान खुलते ही दो बाइक सवार नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां दुकान के शटर, शीशे और आसपास की दीवारों पर लगीं। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए।

खास बात यह है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान कल भी फगवाड़ा में मौजूद थे और आज भी उनके फगवाड़ा पहुंचने से पहले यह घटना सामने आई है।

 

घटना के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सोम प्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार से मुलाकात की और पंजाब की कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश में बढ़ती असुरक्षा को दर्शाती हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

ये भी देखे: फगवाड़ा में छठ की रात ई-रिक्शा चालक की गोली मारकर हत्या, कानून-व्यवस्था पर सवाल

You may also like