लुधियाना, 12 जुलाई 2025: लुधियाना के फोकल पॉइंट इलाके में राजीव गांधी कॉलोनी से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां एक घर के बरामदे में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक तेज धमाका हो गया, जिससे एक दंपति बुरी तरह झुलस गया। घायलों को तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त महिला बरामदे में खाना बना रही थी, तभी सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में महिला और उनके पति को गंभीर चोटें आईं।
डॉक्टरों के अनुसार, महिला 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी है, जबकि पुरुष को 45 प्रतिशत तक जलने की चोटें आई हैं। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआई भेजा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे स्वयं घायलों को इलाज के लिए चंडीगढ़ ले जा रहे हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
ये भी देखे: Hamirpur News: हमीरपुर में गैस सिलैंडर में भीषण ब्लास्ट, 1 की माैके पर मौत