चेन्नई, 30 नवंबर 2025: श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद चक्रवात ‘दितवाह’ अब भारत के दक्षिण-पूर्वी तटों के बहुत करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार यह चक्रवाती तूफान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित है। यह धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों को प्रभावित करने की पूरी आशंका है।
दितवाह से तमिलनाडु में भारी तबाही
राज्य में हो रही भारी बारिश से कई जगहों पर जलभराव हो गया है। मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन ने रविवार को बताया कि तुतुकुडी और तंजावुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई। वहीं मयिलादुथुरै में 20 वर्षीय युवक की करंट लगने से जान चली गई। कुल तीन मौतें हो चुकी हैं।
कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। 57,000 हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि बाढ़ की चपेट में आ गई है। चावल, केला और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। IMD ने उत्तरी तमिलनाडु के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
आंध्र प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट
उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। नेल्लोर, प्राकासम, कडपा, तिरुपति और अन्य तटीय जिलों में अगले दो दिनों में 35-45 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधियां चल सकती हैं। IMD ने दक्षिणी तटीय आंध्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
ये भी देखे: चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ आज आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, दो मछुआरों की समुद्र में मौत