RR vs CSK Match Highlights: रविवार को आईपीएल के डबल हेडर का दूसरा मुकाबला रोमांच से भरा रहा, जहां राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 रनों से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 182 रनों का स्कोर खड़ा किया था। चेन्नई की टीम 20 ओवरों में 176 रन ही बना सकी। फैंस को उम्मीद थी कि एमएस धोनी अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाएंगे, लेकिन इस बार वह कमाल नहीं कर पाए।
CSK vs RR: राजस्थान की गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
चेन्नई की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इन-फॉर्म बल्लेबाज रचिन रविंद्र को जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में शून्य पर चलता किया। इसके बाद राहुल त्रिपाठी और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 46 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। त्रिपाठी ने 19 गेंदों में 23 रन बनाए, लेकिन वानिंदु हसरंगा की गेंद पर कैच दे बैठे।
इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए शिवम दुबे ने 10 गेंदों में 18 रन ठोके, जिसमें 2 छक्के और 1 चौका शामिल था। उनकी छोटी लेकिन तेज पारी से लगा कि चेन्नई वापसी कर सकती है, लेकिन हसरंगा ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद विजय शंकर 9 रन बनाकर हसरंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और 44 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल था। लेकिन वह भी हसरंगा का शिकार बन गए।
धोनी नहीं कर पाए कमाल
16वें ओवर में ऋतुराज के आउट होने के बाद जब एमएस धोनी क्रीज पर आए, तो स्टेडियम में जोश की लहर दौड़ गई। उस वक्त चेन्नई को 25 गेंदों में 54 रनों की जरूरत थी। फैंस को यकीन था कि ‘थाला’ आज फिर कमाल करेंगे। लेकिन संदीप शर्मा के 17वें ओवर में धोनी और जडेजा सिर्फ 9 रन ही बना सके। महेश थीक्षाना के अगले ओवर में भी कोई बाउंड्री नहीं आई और सिर्फ 6 रन बने, जिससे दबाव और बढ़ गया।
आखिरी ओवर में चेन्नई को 20 रनों की जरूरत थी और स्ट्राइक पर धोनी थे। संदीप शर्मा की वाइड के बाद पहली सही गेंद पर धोनी कैच आउट हो गए। 11 गेंदों में 16 रन बनाकर वह पवेलियन लौटे और फैंस का दिल टूट गया। रवींद्र जडेजा ने 22 गेंदों में 32 रन बनाए, लेकिन बड़े शॉट्स न खेल पाने की वजह से टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
नितीश राणा ने खेली धुआंधार पारी
इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल का विकेट पहले ओवर में गिरने के बाद नितीश राणा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 36 गेंदों में 81 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 10 चौके शामिल थे। उनकी इस पारी ने राजस्थान को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जो आखिर में चेन्नई पर भारी पड़ गया।
ये भी देखे: चेपॉक में RCB की ऐतिहासिक जीत: CSK को 50 रनों से रौंदा, टूटा 17 साल का सूखा