चंडीगढ़, 09 सितंबर 2025: महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को भारत का नया उपराष्ट्रपति चुना गया है। मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल 788 सांसदों को वोट देने का अधिकार था, जिनमें से 781 ने मतदान में हिस्सा लिया, यानी मतदान प्रतिशत 98.2% रहा। कुल 768 वोट डाले गए, जिनमें से 752 मान्य पाए गए। सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि उनके विपक्षी उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट प्राप्त हुए। राधाकृष्णन ने 152 वोटों के अंतर से यह चुनाव जीत लिया।
राज्यसभा के सचिव और निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने घोषणा की कि सीपी राधाकृष्णन देश के अगले उपराष्ट्रपति होंगे। उन्होंने बताया कि 17वें उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 7 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद 68 नामांकन प्राप्त हुए। जांच के बाद केवल सीपी राधाकृष्णन और सुदर्शन रेड्डी के नामांकन वैध पाए गए।
उपराष्ट्रपति चुनाव में संसद के सभी सदस्य, जिनमें नामित सदस्य भी शामिल हैं, वोट देने के पात्र थे। इसमें 245 राज्यसभा और 543 लोकसभा सदस्य शामिल थे। मतदान सुबह से शाम 5 बजे तक चला, जिसमें 767 सांसदों ने वोट डाला।
ये भी देखे: उपराष्ट्रपति चुनाव 2025: बी सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया नामांकन, इंडिया गठबंधन ने दिखाई एकजुटता