नई दिल्ली, 11 फ़रवरी 2026: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के 20-25 सांसद स्पीकर के कक्ष में घुसे और उनके साथ गाली-गलौज की। इस घटना से स्पीकर बहुत आहत हुए हैं।
पत्रकारों से बातचीत में रिजिजू ने कहा कि उन्होंने खुद स्पीकर ओम बिरला से इस मामले पर विस्तार से चर्चा की है। उनके अनुसार कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर के कक्ष में जाकर अभद्र व्यवहार किया। रिजिजू ने दावा किया कि इस दौरान कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी भी मौजूद थे। उन्होंने न केवल इसका विरोध किया बल्कि अपने सांसदों को और उकसाया।
रिजिजू ने सदन में बोलने के विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्पीकर ने एक स्पष्ट फैसला दिया था लेकिन विपक्ष ने उसका पालन नहीं किया। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है और वे अपनी मर्जी से बोलेंगे। रिजिजू ने इसका जवाब देते हुए कहा कि संसद के नियम बहुत साफ हैं। बिना लोकसभा अध्यक्ष की अनुमति के कोई भी सदस्य बोल नहीं सकता। यहां तक कि प्रधानमंत्री भी तभी बोलते हैं जब स्पीकर अनुमति देते हैं।
ये भी देखे: BREAKING: लोकसभा में स्पीकर की कुर्सी पर कागज फेंकने वाले 8 सांसद निलंबित, कार्यवाही स्थगित