दिल्ली प्रदूषण पर कांग्रेस का तीखा हमला, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से श्वेत पत्र की मांग

by Manu
रेखा गुप्ता

दिल्ली, 27 दिसंबर 2025: दिल्ली में बिगड़ते प्रदूषण और जनसमस्याओं पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को फिर कठघरे में खड़ा किया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मांग की कि 5 जनवरी से शुरू होने वाले विधानसभा शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खतरनाक प्रदूषण पर श्वेत पत्र जारी करें। वह बताएं कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद हालात क्यों बदतर हो रहे हैं।

देवेंद्र यादव ने कहा कि बजट और मानसून सत्र की तरह शीतकालीन सत्र भाजपा की झूठी वाहवाही और दिखावटी बहस का मंच न बने। यह सत्र जनता के गंभीर मुद्दों पर ठोस चर्चा और निर्णय का अवसर बने।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदूषण पर सबकी सहभागिता की बात तो करती है लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली कांग्रेस की सर्वदलीय बैठक की मांग पर आज तक कोई फैसला नहीं लिया। इससे साफ है कि दिल्ली सरकार जानलेवा प्रदूषण को लेकर संवेदनशील नहीं है।

यादव ने कहा कि आगामी सत्र में प्रदूषण नियंत्रण, सफाई व्यवस्था और जनहित योजनाओं को व्यावहारिक बनाने पर गंभीरता से काम हो। इसके साथ पहले पेश की गई सीएजी की 10 रिपोर्ट में सरकारी खजाने की लूट के दोषियों को सजा मिले। बची 4 सीएजी रिपोर्ट पेश कर जिम्मेदारों के खिलाफ जांच का रास्ता साफ किया जाए।

ये भी देखे: दिल्ली में प्रदूषण ने तोड़ा रिकॉर्ड, GRAP-3 लागू, AQI 401 पर पहुंचा

You may also like