फतेहाबाद, 02 फ़रवरी 2026: घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर आज फतेहाबाद जिले के गांव पीलीमंदोरी में निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर लैंड नहीं कर सका। पायलट ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लैंडिंग टाल दी और हेलीकॉप्टर को हिसार एयरपोर्ट पर उतारा। अब मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पंडित जसराज की जयंती समारोह में शामिल होने के लिए था। गांव पीलीमंदोरी में सुबह से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग और चेकिंग पॉइंट लगाए गए थे। लेकिन सुबह से छाए घने कोहरे ने सारी योजना प्रभावित कर दी।
मौसम विभाग के अनुसार फतेहाबाद और आसपास के जिलों में सुबह के समय दृश्यता कई जगहों पर 50 मीटर से भी कम रही। ऐसे में हेलीकॉप्टर लैंडिंग को जोखिम भरा माना गया। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत हेलीकॉप्टर को हिसार एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया।
ये भी देखे: Haryana Cabinet Meeting: हरियाणा सीएम नायब सैनी ने 2 फरवरी को बुलाई कैबिनेट बैठक