पटना, 17 सितंबर 2025: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर पटना में विभिन्न स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के सामने पूजा-अर्चना की। उन्होंने मुख्य सचिवालय प्रांगण, नवीन पुलिस केंद्र के राज्य पुलिस परिवहन मुख्यालय, पटना हवाई अड्डे के स्टेट हैंगर और विशेष सुरक्षा बल के कार्यालय परिसर में स्थापित प्रतिमाओं के समक्ष पूजा की और प्रसाद ग्रहण किया।
इससे पहले सुबह में, नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक आवास 1 अणे मार्ग में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के सामने भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से बिहार के लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा पूजा के मौके पर सभी बिहारवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व कारीगरों, शिल्पियों और मेहनतकश लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है, और भगवान विश्वकर्मा की कृपा से राज्य प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। इस अवसर पर उनके साथ कई गणमान्य लोग और अधिकारी भी मौजूद रहे।
ये भी देखे: CM नीतीश कुमार ने विश्वकर्मा पूजा पर दी श्रमिकों को बधाई, उनके योगदान को सराहा