सीएम भगवंत मान ने पेश किया स्वास्थ्य विभाग का रिपोर्ट कार्ड, कहा – 28 मार्च को शुरू होंगे 100 नए मोहल्ला क्लीनिक

by Manu
bhagwant mann

चंडीगढ़, 20 मार्च 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब सरकार का मुख्य फोकस मेडिकल कॉलेजों पर है। होशियारपुर और कपूरथला में नए मेडिकल कॉलेजों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इनका निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। मलेरकोटला में बनने वाले कम्युनिटी मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। कल ईद के मौके पर लोगों को इसकी बड़ी सौगात दी जाएगी।

सीएम भगवंत मान चंडीगढ़ में सेहत विभाग की चार साल की उपलब्धियों की रिपोर्ट पेश करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि 28 मार्च को राज्य में 100 नए मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में फिलहाल 883 आम आदमी क्लीनिक चल रहे हैं। 100 नए क्लीनिक समर्पित होने के बाद कुल संख्या 983 हो जाएगी। इसके अलावा 400 और क्लीनिक बनाए जा रहे हैं जिससे कुल 1400 क्लीनिक हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लीनिकों की ओपीडी अब 5 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है जिसमें 1.69 करोड़ विशेष बीमारियों से ग्रस्त मरीज शामिल हैं। सीएम ने बताया कि अब तक 30 हजार गर्भवती महिलाओं का चेकअप इन क्लीनिकों में हो चुका है।

भगवंत मान ने कहा कि सभी दवाइयां मुफ्त दी जा रही हैं। अगर किसी दवाई की कमी होती है तो एसएमओ खुद खरीदकर उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए उन्हें फंड जारी कर दिए गए हैं। अगर ऐसा नहीं होता है तो संबंधित अफसर पर सख्त कार्रवाई होगी।

ये भी देखे: मान सरकार हर घर को देगी मुफ्त मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड – डॉ. बलबीर सिंह

You may also like