मंडी, 01 जुलाई 2025: mandi flood: मंडी जिले के गोहर उपमंडल की स्यांज पंचायत के पिंगलयुर गांव में रविवार देर रात एक दिल दहलाने वाली घटना घटी, जहां भारी बारिश और भूस्खलन के कारण आई बाढ़ में दो परिवारों के सात सदस्य अपने घरों समेत बह गए। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ दी है।
मिनटों में सैलाब ने बहाकर ले गया पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, यह घटना ज्यूणी और सकोल खड्ड में अचानक आए सैलाब के कारण हुई। लापता लोगों में पदम सिंह (75 वर्ष), उनकी पत्नी देवकू देवी (70 वर्ष), झाबे राम (50 वर्ष), उनकी पत्नी पार्वती देवी (47 वर्ष), और उनके परिवार के अन्य तीन सदस्य शामिल हैं। ये परिवार अपने घरों में सो रहे थे, जब मिट्टी और पानी के तेज बहाव ने उनके घरों को बहा लिया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों ने छत पर खड़े होकर मदद की गुहार लगाई और मोबाइल से आसपास के लोगों को सूचित भी किया, लेकिन मिनटों में पानी सब कुछ बहाकर ले गया।
सुबह ग्रामीणों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी, जिसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, भारी मलबा और प्रतिकूल मौसम के कारण राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है। अभी तक लापता सात लोगों का कोई सुराग नहीं मिला है, और आशंका है कि वे मलबे या पानी के बहाव में फंस गए हों।
मंडी में बाढ़ से कीरतपुर-मनाली फोरलेन ठप
मंडी जिले में लगातार बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। कीरतपुर-मनाली फोरलेन (NH-3) पंडोह-टकोली खंड में भूस्खलन के कारण यातायात ठप है, और 840 मीटर लंबे एलिवेटेड ब्रिज को भी नुकसान पहुंचा है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 261 सड़कें बंद हैं, और 1,708 ट्रांसफार्मर ठप होने से बिजली आपूर्ति बाधित है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और बिना जरूरी कारण घर से न निकलने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में और भारी बारिश की चेतावनी दी है।
ये भी देखे: Himachal Rain: हिमाचल में भारी बारिश से हाहाकार, 261 सड़कें बंद, 1708 ट्रासंफार्मर खराब