चंबा, 21 जुलाई 2025: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार रात से हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, जिले में 39 सड़कें बंद हो गई हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 18 सड़कें तीसा उपमंडल में ठप हैं। इसके साथ ही 214 बिजली ट्रांसफॉर्मर खराब होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
बारिश का असर पेयजल योजनाओं पर भी पड़ा है, जिसमें 62 योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिसके चलते हजारों लोग पानी के संकट से जूझ रहे हैं। भारी बारिश ने जिले में 5 मकानों को नुकसान पहुंचाया है, जिसमें एक कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया, जबकि दो पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। इसके अलावा, एक गौशाला और एक छोटा पुल भी बारिश की वजह से बह गया।
सबसे दुखद घटना चंबा के मैहला क्षेत्र में हुई, जहां धारवाला पटवार वृत्त में भूस्खलन के कारण एक मकान ढह गया। इस हादसे में सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है।
ये भी देखे: मंडी में बादल फटने के बाद बाढ़ का कहर, सोते समय घर के साथ बाढ़ में बहा पूरा परिवार