चंडीगढ़, 24 मार्च 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के ईमानदारी का नकाब अब उतर गया है। वहां के लोग उनके वादों को तोड़ने और भ्रष्टाचार से तंग आ चुके हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को हिसार में आयोजित कृषि मेले का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पंजाब के लोग हरियाणा में विकास के माहौल और कल्याणकारी योजनाओं का उदाहरण दे रहे हैं, क्योंकि राज्य सरकार ने किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं के हित में कई जन कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की नीतियों का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है, जिसके कारण राज्य लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हरियाणा सरकार ने व्यापारियों को राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण नीति लागू की है, जिसके कारण अनावश्यक मुकदमेबाजी कम हुई है और कारोबारी माहौल में सुधार हुआ है।
सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है और इसी के परिणामस्वरूप आज हरियाणा तेजी से प्रगति कर रहा है।
फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान पंजीकरण के नए नियमों से जुड़े एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार ने अधिकारियों को इस प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ये भी देखे: हरियाणा बजट सत्र 2026-27 संपन्न, सीएम नायब सिंह सैनी ने सत्र की उपलब्धियां गिनाईं