चंडीगढ़, 23 फरवरी 2026: पंजाब कैबिनेट की आज 23 फरवरी को हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस ब्रीफिंग की। उन्होंने प्रदेश के 40 लाख परिवारों के लिए ‘मेरी रसोई’ स्कीम लॉन्च करने की घोषणा की।
इस योजना के तहत नीले कार्ड धारक परिवारों को मासिक फूड किट मिलेगी। किट में 2 किलो गेहूं 2 किलो उड़द-चने की दाल 2 किलो चीनी 1 किलो आयोडीन नमक 200 ग्राम हल्दी पाउडर और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्कीम गरीब परिवारों को रसोई का सामान आसानी से उपलब्ध कराएगी।
ब्रीफिंग में भगवंत मान ने बजट सेशन की तारीखों का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि विधानसभा का बजट सेशन 6 मार्च से शुरू होगा और 16 मार्च तक चलेगा। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने एक्साइज पॉलिसी को मंजूरी मिलने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2022-23 में जब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी तब एक्साइज से महज 6200 करोड़ रुपये का राजस्व मिलता था। अब यह बढ़कर 11 हजार 20 करोड़ रुपये हो गया है। पूरे साल कोई किश्त लेट नहीं हुई।
चीमा ने बताया कि इस बार एक्साइज रेवेन्यू का टारगेट 12 हजार 800 करोड़ रुपये रखा गया है। नई पॉलिसी में 6.5 प्रतिशत राशि के साथ ग्रुप रिन्यू करवाने की सुविधा दी गई है। पहली बार सिंगल माल्ट बनाने की यूनिट लगाने की अनुमति मिलेगी। पहले सिर्फ बॉटलिंग होती थी।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि नई पॉलिसी से शराब महंगी नहीं होगी। देसी शराब का कोटा तीन प्रतिशत बढ़ाया गया है।
ये भी देखे: मार्च में लगातार पांचवां लोक-हितैषी बजट पेश करेगी AAP, हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध – CM मान