मजीठिया की पेशी से पहले बवाल, सुखबीर बादल सहित कई अकाली नेता को हिरासत में लिया

by Manu
सुखबीर बादल

मोहाली, 02 जुलाई 2025: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल और कई वरिष्ठ नेताओं को पंजाब पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई तब हुई जब सुखबीर बादल और अन्य अकाली नेता मोहाली कोर्ट पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जहां SAD के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा आय से अधिक संपत्ति और ड्रग मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पेश किया जाना था।

मजीठिया को 25 जून 2025 को अमृतसर में उनके घर पर विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार किया था। विजिलेंस ने दावा किया था कि मजीठिया ने 540 करोड़ रुपये से अधिक की ड्रग मनी को विभिन्न तरीकों से लॉन्डर किया, जिसमें 161 करोड़ रुपये नकद, 141 करोड़ रुपये विदेशी संस्थाओं के जरिए और 236 करोड़ रुपये बिना वित्तीय दस्तावेजों के जमा किए गए। 26 जून को मोहाली कोर्ट ने उन्हें सात दिन की पुलिस रिमांड में भेजा था, जो मंगलवार को खत्म हो गई।

मजीठिया की गिरफ्तारी के विरोध में SAD ने मोहाली कोर्ट के बाहर प्रदर्शन की योजना बनाई थी, लेकिन पंजाब पुलिस ने सुबह 5 बजे से ही टांडा और अन्य क्षेत्रों के अकाली नेताओं को उनके घरों में नजरबंद करना शुरू कर दिया। सुखबीर बादल को मोहाली के गुरुद्वारा अंब साहिब के पास हिरासत में लिया गया।

सुखबीर बादल का AAP और अरविंद केजरीवाल पर हमला

हिरासत में लिए जाने के बाद सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पर “कब्जा” कर लिया है। उन्होंने कहा कि AAP की लैंड पूलिंग योजना के तहत 40,000 एकड़ जमीन हड़पने की साजिश है, जिससे 10,000 करोड़ रुपये जुटाकर केजरीवाल अपनी पार्टी को देशभर में मजबूत करना चाहते हैं। बादल ने दावा किया कि दिल्ली में AAP की पकड़ कमजोर होने के बाद पंजाब उनके लिए “बैंक” बन गया है। उन्होंने कहा, “अकाली दल पंजाब को केजरीवाल के चंगुल से मुक्त कराएगा।”

ये भी देखे: मोहाली जा रहे अकाली नेताओं को पंजाब पुलिस ने किया नजरबंद, जाने वजह

You may also like