चंडीगढ़: सायं 7 बजे बंद हो जाएंगे मार्केट, स्कूल, कॉलेज बंद, जमाखोरी पर रोक

by Manu
चंडीगढ़ में हाई अलर्ट

चंडीगढ़, 09 मई 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा की राजधानी, में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। इस वजह से चंडीगढ़ में 12 मई 2025 तक सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं। ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) में हाई अलर्ट जारी है।

चंडीगढ़ प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी मार्केट और शॉपिंग मॉल को शाम 7 बजे बंद करने का आदेश दिया है। पटाखों और आतिशबाजी पर भी पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। पंचकूला में जिला प्रशासन ने शाम 6 बजे से सभी दुकानों को बंद करने का फैसला किया है, जबकि मोहाली में रात 8 बजे तक बाजार बंद हो जाएंगे। हालांकि, मेडिकल स्टोर जैसी जरूरी सेवाएं चालू रहेंगी।

चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) ने जम्मू और कटड़ा के लिए अपनी बस सेवाएं रोक दी हैं। हालात को देखते हुए कॉलेज छात्र अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। शुक्रवार को सेक्टर 43 बस स्टैंड पर भारी भीड़ देखी गई। शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है। मोहाली के बड़े कॉलेजों और यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहने वाले ज्यादातर छात्र अपना सामान समेटकर घर जा रहे हैं।

प्रशासन ने राशन और अन्य जरूरी सामानों की जमाखोरी पर सख्ती से रोक लगा दी है। चंडीगढ़ के डीसी निशांत यादव ने आदेश जारी कर कहा है कि कोई भी व्यक्ति, व्यापारी, थोक या खुदरा विक्रेता खाद्य सामग्री का स्टॉक नहीं रख सकता। सभी को अपने मौजूदा स्टॉक की जानकारी खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को देने के लिए कहा गया है।

ये भी देखे: चंडीगढ़ में हाई अलर्ट, स्कूल और कॉलेज बंद, सभी से घर में रहने की अपील

You may also like